Showing posts with label Rosary Prayer. Show all posts
Showing posts with label Rosary Prayer. Show all posts

Sunday, October 2, 2022

अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती (जपमाला) | हिन्दी पीडीएफ डाउनलोड लिंक | गूगल ड्राइव डाउनलोड लिंक



खीस्त में प्यारे भाइयों और बहनों, आप सभी को जय येसु!

आप सभी का हमारी वेबसाइट ‘येसु मसीह में नया जीवन’ में स्वागत है। हमारी वेबसाइट में आप पाते हैं दैनिक प्रार्थनाएँ, नोवेना प्रार्थनाएँ, बाइबल अध्ययन तथा मनन-चिंतन, उपदेश आदि पूरी तरह से निःशुल्क।

आप सभी की सहुलियत के लिए हमने अक्टूबर महीने की रोज़री माला या जपमाला विनती की हिन्दी पीडीएफ तैयार की है जिसे आप नीचे दिये गये लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं और अपने मोबाइल या कम्प्यूटर पर पढ़ सकते हैं।

डाउनलोड करने के लिए कृपया नीचे दिये गये लिंक पर क्लिक करें:-



यदि आप डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं या किसी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं तो कृपया ‘हमसे संपर्क करें’ पेज का इस्तेमाल करते हुए हमें इस बारे में सूचित करें। हम जल्द ही आपसे संपर्क करके समस्या का समाधान करने की कोशिश करेंगे।


प्रभु येसु आपको और आपके परिवार को भरपूर आशिष प्रदान करें। आमेन।

अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती (जपमाला) | धन्य कुँवारी मरियम, माला की महारानी पर्व का अवसर पर पूरे अक्तूबर माह होने वाली विशेष रोजरी प्रार्थना | हिन्दी पीडीएफ डाउनलोड

खीस्त में मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, मैं आशा करता हूँ कि आप सब सकुशल होंगे और परमेश्वर की उपस्थिति में एक आशीषित जीवन जी रहे होंगे।

हमारे ब्लॉग की आज की यह पोस्ट विशेष रूप से अक्टूबर महीने की रोज़री माला के विषय में है। वैसे तो रोज़री माला विनती प्रतिदिन करना जरूरी होता है पर इसका महत्व अक्टूबर महीने में विशेष रूप से बढ़ जाता है। आज की इस पोस्ट में आप जानेंगे कि अक्टूबर महीने में की जाने वाली रोज़री माला का इतिहास क्या है और आप इसे कैसे कर सकते हैं। साथ ही इस पोस्ट के अंत में आप इससे संबंधित पीडीएफ भी पाएंगे।

तो आइए इस बारे में जानते हैं।

october-rosaey-our-lady-of-roasry-cover-image
october-rosaey-our-lady-of-roasry-cover-image




विषयसूची
1) अक्टूबर महीने की रोज़री माला या जपमाला विनती क्या है?
2) जपमाला का कलीसियाई इतिहास एवं इसकी शुरुआत के बारे में जानकारी।
3) जपमाला करने की विधि हिन्दी भाषा में।
4) जपमाला हिन्दी भाषा में ऑनलाइन पढ़ने के लिए (पीडीएफ डाउनलोड लिंक सहित)।

अक्टूबर महीने की रोज़री माला या जपमाला विनती क्या है?


हम सभी रोज़री माला विनती से भली-भाँति अवगत हैं। यह प्रार्थना माता मरियम के द्वारा कलीसिया को प्रदान की गयी है जो कि बहुत ही शक्तिशाली प्रार्थना मानी जाती है। पारंपरिक तौर पर रोज़री माला विनती में प्रभु की प्रार्थना और पवित्र त्रित्व की स्तुति विनती के साथ कुल 150 बार प्रणाम मरियम प्रार्थना पढ़ी जाती थी जिसे कालांतर में तीन भेदों (आनन्द, दुःख और महिमा) और प्रत्येक भेद के पाँच उपभेदों में विभाजित किया गया।

कालांतर में इसमें ज्योति के भेदों को शामिल किया गया और इस प्रकार हम आज चार भेदों में विभाजित रोज़री माला विनती पढ़ते हैं। इसमें हर भेद के लिए सप्ताह के विशेष दिन निर्धारित हैं जिसमें उस भेद के उपभेदों को पढ़ा जाता है और प्रार्थना की जाती है।

यहाँ पढ़ें - क्या है रोज़री माला का इतिहास?
यहाँ पढ़ें - रोज़री माला हिन्दी ऑनलाइन पढ़ें और हिन्दी पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड करें।

अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती को कई पुरोहितों एवं प्रचारकों के द्वारा जपमाला रोज़री भी कहा जाता है। यह हमारे द्वारा अपने दैनिक जीवन में पढ़ी जाने वाली पारंपरिक रोज़री माला विनती से बहुत अलग नहीं है। असल में यह पारंपरिक रोज़री माला विनती ही है जिसे पढ़ने के तरीके में थोड़ा बदलाव हो जाता है। इन बदलावों को हम ‘जपमाला करने की विधि’ शीर्षक में देखेंगे। अभी आइए हम पहले इसका इतिहास जान लेते हैं।

जपमाला का कलीसियाई इतिहास एवं इसकी शुरुआत के बारे में जानकारी।


जिस तरह से हम मई के महीने में माता मरियम के आदर में रोज़री माला विनती करते हैं ठीक उसी तरह माता कलीसिया प्रत्येक वर्ष अक्टूबर महीने को परम पवित्र रोज़री माला को समर्पित महीने के तौर पर मनाती है। यह मुख्य रूप से ‘पवित्र माला की महारानी (आवर लेडी ऑफ द रोज़री)’ पर्व के कारण होता है जो कि प्रतिवर्ष 7 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह धन्य कुँवारी मरियम को उस सुरक्षा के लिए कृतज्ञतापूर्वकं सम्मानित करने के लिए स्थापित किया गया था जो वह विश्वासियों द्वारा माला प्रार्थना के जवाब में देती है।

जपमाला की शुरुआत सोलहवीं शताब्दी में हुई थी। यह पर्व संत पिता पायुस पाँचवें (1504-1572) द्वारा 7 अक्टूबर, 1571 को लेपैंटो की लड़ाई में ईसाई सेनाओं की चमत्कारी जीत की यादगार के रूप में शुरू किया गया था। संत पिता ने 7 अक्टूबर को विजय दिवस के रूप में घोषित किया और इस विजय के लिए हथियारों, तोपों की शक्ति और वहां लड़ने वाले सैनिकों की वीरता से भी अधिक रोज़री माला विनती को जिम्मेदार ठहराया था।

इसके बाद सन् 1573 में संत पिता ग्रेगोरी तेरहवें के द्वारा इस विजय दिवस को रोज़री के पर्व के रूप में मनाने की घोषणा की गयी। सन् 1913 में संत पिता पायुस दसवें ने इस दिवस को रोज़री के पर्व से बदल कर माला की महारानी (आवर लेडी ऑफ द रोज़री) के पर्व के रूप में मनाने की घोषणा की और इसलिए आज हम प्रतिवर्ष 7 अक्टूबर को माला की महारानी (आवर लेडी ऑफ द रोज़री) का पर्व मनाते हैं।

इस पूरे अक्टूबर महीने को रोज़री माला के माह के रूप में घोषित करने और हर दिन रोज़री विनती पढ़ने की परंपरा की शुरुआत का श्रेय संत पिता लियो तेरहवें को जाता है। उनके इस कार्य ने माला के निरंतर उपयोग को प्रोत्साहित करके धन्य माता मरियम के प्रति समर्पण की वृद्धि को दृढ़ता से बढ़ावा दिया।

जपमाला करने की विधि हिन्दी भाषा में।


अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती या जपमाला रोज़री को करने की विधि में थोड़ा अंतर होता है। पारंपरिक रोज़री माला विनती से इतर अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती में निम्नलिखित अंतर होते हैं:-

1) इसमें पारंपरिक रोज़री माला विनती की तरह भेदों के दिन निर्धारित नहीं होते है।
2) पूरे अक्टूबर महीने में हर दिन रोज़री माला के चारों भेदों को उनके पाँचों उपभेदों सहित एक के बाद एक पढ़ा जाता है।
3) अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती में भेदों का क्रम इस प्रकार होता है - आनन्द के भेद, ज्योति के भेद, दुःख के भेद और महिमा के भेद। कृपया इस प्रार्थना को करते समय इस क्रम का विशेष ध्यान रखें। इस क्रम में गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
4) आरंभिक प्रार्थना के बाद आनन्द के भेद से शुरू करके महिमा के भेद तक ऊपर बताये क्रम में प्रार्थना करने के बाद आगे की प्रार्थनाएँ (कुँवारी मरियम की स्तुति विनती आदि) किये जाते हैं और इस प्रार्थना का समापन किया जाता है।

जपमाला हिन्दी भाषा में ऑनलाइन पढ़ने के लिए (पीडीएफ डाउनलोड लिंक सहित)।


अक्टूबर महीने की रोज़री माला विनती (जपमाला)

पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम पर, आमेन।

आरंभिक प्रार्थना: हे अति पवित्र माला की रानी, तूने फातिमा के तीन बालकों को अपनी माला के द्वारा मिलने वाली कृपा की निधियों को दयापूर्वक प्रकट किया। हमारे हृदयों में इस शक्तिशाली प्रार्थना के प्रति सच्चा और गहरा प्रेम भर दें। माला जपते समय हम अपनी मुक्ति के रहस्यों को याद करते हैं। इन पर ध्यान-मनन करके हम उस मुक्ति के प्रतिफलों से परिपूर्ण हो जाएं और पापियों के मन फिराव तथा संसार की शांति की कृपा प्राप्त करें। तेरे ईश्वरीय पुत्र की इच्छा हो, तो इस माला प्रार्थना के द्वारा जो कुछ तुझसे मांगते हैं, उन्हें हमें प्रदान कर। ईश्वर की पवित्र माता, हम सबके लिए प्रार्थना कर कि हम में से प्रत्येक जो इस माला को जपते हैं, तेरे पुत्र की इच्छा के अनुकूल जी सकें और इस प्रकार अनन्त जीवन का आनन्द प्राप्त कर सकें। आमेन।

प्रेरितों का धर्मसार...

हे पिता हमारे... प्रणाम मरियम (तीन बार)... पिता पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो...

हे मेरे येसु, हमारे पापों को क्षमा कर, नरक की अग्नि से हमें बचा। सभी आत्माओं को स्वर्ग की ओर ले चल। विशेषकर उन आत्माओं को जिन्हें तेरी दया की अति आवश्यकता है। आमेन।

माला विनती के भेद
(भेद के मतलबों के स्थान पर आप अपने निजी मतलब जोड़ सकते हैं।)

हर भेद के अंत में:-

हे पिता हमारे... प्रणाम मरियम (दस बार)... पिता पुत्र और पवित्र आत्मा की महिमा हो...
हे मेरे येसु, हमारे पापों को क्षमा कर, नरक की अग्नि से हमें बचा। सभी आत्माओं को स्वर्ग की ओर ले चल। विशेषकर उन आत्माओं को जिन्हें तेरी दया की अति आवश्यकता है। आमेन।

आनन्द के भेद:
1) गब्रिएल दूत माता मरियम को संदेश देते हैं।
2) माता मरियम एलिजाबेथ से भेंट करती हैं।
3) प्रभु येसु का जन्म होता है।
4) प्रभु येसु मंदिर में चढ़ाए जाते हैं।
5) प्रभु येसु मंदिर में पाए जाते हैं।

ज्योति के भेद:
1) प्रभु येसु का बपतिस्मा होता है।
2) प्रभु येसु काना नगर में चमत्कार दिखाते हैं।
3) प्रभु येसु ईश्वर के राज्य की घोषणा करते हैं।
4) प्रभु येसु का रूपान्तरण होता है।
5) प्रभु येसु पवित्र परमप्रसाद की स्थापना करते हैं।

दुःख के भेद:
1) बारी में प्रभु येसु की प्राणपीड़ा।
2) प्रभु येसु को कोड़ों से मारा जाता है।
3) प्रभु येसु को सर पर काँटों का मुकुट पहनाया जाता है।
4) प्रभु येसु अपने कंधों पर भारी क्रूस उठाते हैं।
5) प्रभु येसु को क्रूस पर ठोंका जाता है।

महिमा के भेद:
1) प्रभु येसु मुरदों में से जी उठते हैं।
2) प्रभु येसु स्वर्ग में आरोहित होते हैं।
3) पवित्र आत्मा प्रेरितों पर उतरता है।
4) माता मरियम स्वर्ग में उठा रखी जाती हैं।
5) माता मरियम स्वर्ग में रानी का मुकुट पाती हैं।

हम प्रार्थना करें: हे ईश्वर, तेरे एकलौते पुत्र ने अपने जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा हमारे लिए अनन्त जीवन का पुरस्कार अर्जित किया है। तुझसे हमारी प्रार्थना है, तु हमें यह कृपा दे कि धन्य कुँवारी मरियम की अति पवित्र माला के रहस्यों पर ध्यान-मनन करते हुए उनमें जो निहित है उनका अनुकरण करें और वह कृपा प्राप्त करें जिसकी प्रतिज्ञा वे करते हैं। उन्हीं हमारे प्रभु खीस्त के द्वारा। आमेन।

कुँवारी मरियम की स्तुति विनती
प्रभु दया कर    प्रभु दया कर
खीस्त दया कर    प्रभु दया कर
प्रभु दया कर    प्रभु दया कर
खीस्त हमारी सुन खीस्त हमारी विनती पूरी कर
स्वर्ग के पिता ईश्वर हम पर दया कर
पुत्र ईश्वर, दुनिया के मुक्तिदाता
पवित्र आत्मा ईश्वर
 
संत मरियम हमारे लिए प्रार्थना कर
ईश्वर की पवित्र माँ
कुँवारियों की पवित्र कुँवारी
खीस्त की माता
ईश्वरीय कृपा की माता
अति निर्मल माता
अति शुद्ध माता
कुँवारी माता
निष्कलंक माता
प्रिय माता
प्रशंसनीय माता
सुसम्मति की माता
सृष्टिकर्त्ता की माता
मुक्तिदाता की माता
अति चौकस कुँवारी
आदरणीय कुँवारी
स्तुति योग्य कुँवारी
शक्तिमयी कुँवारी
दयालु कुँवारी
धर्मनिष्ठ कुँवारी
हमारे आनंद का मूल
पवित्र आत्मा का मंदिर
आदरणीय पात्र
भक्ति के उत्तम पात्र
आध्यात्मिक गुलाब
दाऊद के गढ़
हस्तिदन्त का गढ़
स्वर्ण मंदिर
संधि की मंजूषा
भोर का तारा
रोगियों का स्वास्थ्य
पापियों की शरण
दुःखियों का दिलासा
खीस्तीयों की सहायता
स्वर्गदूतों की महारानी
धर्मपुरखों की महारानी
नबियों की महारानी
प्रेरितों की महारानी
शहीदों की महारानी
धर्मवीरों की महारानी
संतों की महारानी
आदि पाप रहित उत्पन्न महारानी
स्वर्ग में उद्गृहित महारानी
अति पवित्र माला की महारानी
शांति की महारानी
 

हे ईश्वर के मेमने, जो संसार के पाप हर लेता है,
1) प्रभु हमें क्षमा कर।
2) प्रभु हमारी सुन।
3) हम पर दया कर

हम प्रार्थना करें: हे प्रभु ईश्वर, कृपा करके अपने इन सेवकों को सदा तन मन से स्वस्थ रहने का आनंद प्रदान कर और नित्य कुँवारी मरियम की प्रार्थना द्वारा हम को इस लोक के दुःख से मुक्त होकर अनंत सुख भोगने दे। खीस्त हमारे प्रभु के द्वारा। आमेन।

प्रणाम हे रानी: प्रणाम, हे रानी, दया की माँ, हमारा जीवन, मधुरता और आसरा, तुझे प्रणाम। हम हेवा की निर्वासित संतान तुझे पुकारते हैं। हम इस दुःखपूर्ण संसार में रोते और विलाप करते हुए तेरा नाम लेते हैं। हे हमारी माता, कृपया हम पर दयादृष्टि कर और हमारे इस निर्वासन के बाद, अपने गर्भ के फल येसु को हमें दिखा। हे दयालु, हे प्रेममयी, हे मधुर कुँवारी मरियम!
हे परमेश्वर की पवित्र माँ हमारे लिए प्रार्थना कर कि हम खीस्त की प्रतिज्ञाओं के योग्य बन जाएं।

याद कर विनती: हे परम दयालु कुँवारी मरियम, याद कर कि यह कभी सुनने में नहीं आया कि कोई आपकी मदद माँगने और आपकी विनतियों की सहायता खोजने आपके पास आया और असहाय छोड़ा गया हो। हे कुँवारियों की कुँवारी, हे मेरी माँ, इसी आसरे से ही मैं आपके पास दौड़ आता हूँ, और कराहते हुए पापी के रूप में आपके सामने खड़ा हूँ। हे ईश्वर की पवित्र माँ, मेरी प्रार्थना को अस्वीकार मत कर, पर उसको दया से सुन और पूरा कर। आमेन।

तेरी शरण: तेरी शरण में हम दौड़ आते हैं, हे ईश्वर की पवित्र माँ। हम अपनी जरूरत में जो विनती करते हैं, उसको अस्वीकार मत कर, लेकिन हमको सब जोखिमों से बचा, हे प्रतापी और धन्य कुँवारी मरियम - आमेन।

कुँवारी मरियम के प्रति आत्मसमर्पण: हे अति निष्कलंक और पवित्र कुँवारी, हे मेरी माँ मरियम, मेरे प्रभुं की माँ, आप दुनिया की महारानी, पापियों की बिचवई, आसरा और शरण हैं। मैं आपके पास दौड़ आता हूँ। हे महारानी प्रणाम! आज तक आपने बहुत-सी बातों में मुझपर कृपा की है जितनी बार मैं नरक में गिरने पर था उतनी बार आपने मुझको बचाया है। इस भलाई के लिए मैं आपको धन्यवाद करता हूँ।
मैं आपको प्यार करता हूँ और इसलिए मैं आपकी सेवा में नित्य-प्रति दृढ़ रहने की प्रतिज्ञा करता हूँ। मुझसे जहाँ तक बनेगा, दूसरों को भी आपके प्रेम में लाने की कोशिश करूँगा। येसु मेरे मुक्तिदाता हैं, इनके बाद आप मेरा पूरा भरोसा, आप मेरी मुक्ति का पूरा आसरा हैं। मुझको अपना सेवक बना लीजिए, हे दया की माँ, और मुझे अपनी रक्षा में रख लीजिए। आप ईश्वर के सामने बड़ी शक्तिमती हैं, तो मेरे लिए विनती करके मुझे मरने तक हर प्रलोभन को जीतने का बल दिखाइए, और येसु खीस्त को सच्चे हृदय से प्यार करना मुझे सिखाइए। आपकी विनती द्वारा, मुझे पवित्र मरण का आसरा है। जीवन-भर और विशेष करके मरते घड़ी मेरी सहायता कीजिए। जबतक आप मुझे स्वर्ग में न देखेंगी, तबतक मुझे मत छोड़िए। ऐसा कीजिए कि मैं युग-युग आपका धन्यवाद करूँ और आपकी दया का गुणगान करूँ। आमेन।
पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम पर। आमेन।



प्रिय भाइयों और बहनों, अक्टूबर के इस महीने में, आइए हम भी इस जपमाला की सुंदर प्रार्थना को एक साधन के रूप में मानते हुए इसे हरदिन पढ़ें और अपने उद्धार के महान रहस्यों पर ध्यान लगाकर प्रभु येसु और माता मरियम के करीब आने का प्रयत्न करें।


हमारे ब्लॉग से पीडीएफ डाउनलोड कैसे करते हैं यह जानने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Tuesday, April 19, 2016

करुणा की माला विनती | हिंदी विधि सहित पीडीएफ डाउनलोड - Divine Mercy Prayer | Hindi Process and PDF Download

प्रभु येसु के दुखभोग को याद करते हुए की जाने वाली प्रार्थनाओं के समूह में क्रूस का रास्ता प्रार्थना के बाद दिव्य करुणा की प्रार्थना सर्वाधिक प्रचलित प्रार्थना है। इसकी शुरूआत सन् 1935 में संत फोस्तिना द्वारा की गयी थी। उन्हें इस प्रार्थना को करने के लिए प्रभु येसु का दर्शन प्राप्त हुआ था जिसमें उन्हें इस प्रार्थना के दोनों रूप (दैनिक प्रार्थना और नोवेना) प्रभु येसु के द्वारा बताये गये थे। दिव्य करुणा की प्रार्थना सीधे तौर पर प्रभु येसु के दुखभोग के घंटे से जुड़ी होने के कारण “तीन बजे की प्रार्थना” भी कहलाती है। आप इस प्रार्थना के दैनिक प्रारूप को इस पोस्ट में रोज़री माला के साथ करने की विधि सहित ऑनलाइन पढ सकते हैं और इसकी पीडीएफ फाईल पोस्ट के अंत में गूगल ड्राइव और डाॅकड्राॅइड की लिंक के रूप में पा सकते हैं।

Devine Mercy
Divine Mercy

दिव्य करुणा की प्रार्थना (करुणा माला विनती) के संदेश और उपासना का इतिहास

सन् 1935 में संत फोस्तिना को परमेश्वर के द्वारा भेजे गये दूत के माध्यम से एक शहर के विषय में दर्शन मिला। दर्शन मिलने के बाद उन्होंने दया के लिए प्रार्थना प्रारंभ की पर उनकी प्रार्थना शक्तिहीन साबित हुई। उसी दौरान उन्होंने पवित्र त्रित्व के दर्शन प्राप्त किए और प्रभु येसु की करुणा की शक्ति को अपने अंदर महसूस किया। उसी समय उन्होंने खुद को परमेश्वर से दया के लिए उन शब्दों में प्रार्थना करते हुए पाया जिन्हें उन्होंने अपने अंतरमन में सुना था।
“हे शाश्वत पिता, मैं अपने और समस्त संसार के पापों के प्रायश्चित के लिए तेरे परम प्रिय पुत्र और हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के शरीर और रक्त, आत्मा और ईश्वरीयता को तुझे चढ़ाती हूँ, उनके दुःखभोग के द्वारा हम पर दया कर। (डायरी, 475)”
अगले दिन जब वे आराधनालय में प्रवेश कर रहीं थीं, उन्होंने प्रभु को दोबारा सुना। इस बार उन्होंने प्रभु की ओर से ‘हम पर दया कर’ के स्थान पर ‘हम पर और सारे संसार पर दया कर’ पढ़ने का संदेश सुना। उस पल से अपने जीवन के अंतिम पल तक संत फोस्तिना इस प्रार्थना को लगातार करती रही।

क्या है करुणा की माला विनती?

प्रभु ने संत फोस्तिना पर अपने अगले प्रकाशनों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि दिव्य करुणा का जो संदेश उन्हें दिया गया था वह न केवल निजी तौर पर उनके विश्वास में आगे बढ़ने के लिए था बल्कि समूची मानवता के लिए था। यह संदेश संत फोस्तिना को प्रभु ने दिया था और इसे दिव्य करुणा संदेश और भक्ति के नये रूप की शुरुआत के रूप में देखा जा सकता है।

यहाँ यह गौर करने वाली बात है कि दिव्य करुणा का जो संदेश प्रभु ने संत फोस्तिना के माध्यम से हमारी पीढ़ी को दिया है वह वास्तव में सृष्टि के आरंभ से ही विद्यमान रहा है। पिता ईश्वर ने पुराने व्यवस्थान में कई स्थान पर खुद को एक दया के स्रोत के रूप में प्रकट किया है। प्रभु येशु के माध्यम से पिता ईश्वर ने खुद को मानवता पर पूरी तरह से प्रकट कर दिया। हमारे पापों के प्रायश्चित के लिए उनके दुःखभोग, क्रूस-मरण और पुनरुत्थान ने मानवता के लिए ईश्वरीय करुणा का एक स्थायी मार्ग खोल दिया है। धर्मग्रंथ हमें यह बताता है कि केवल वो व्यक्ति ही धन्य है जिसपर ईश्वर ने करुणा की और उसके पापों को क्षमा कर दिया है।

इस प्रार्थना को प्रतिदिन किसी भी समय किया जा सकता है पर इसे असीम करुणा के घंटे (प्रत्येक दिन, दोपहर तीन बजे) पर किया जाना उचित है क्योंकि प्रभु येसु की क्रूस पर मृत्यु इसी समय हुई थी और उनके दुःखभोग, मृत्यु और पुनरुत्थान ने ही हमारे लिए असीम ईश्वरीय करुणा के द्वार खोले हैं अतः इस प्रार्थना को दोपहर तीन बजे करके हम प्रभु के दुखभोग को याद कर सकते हैं।

नोवेना प्रार्थना के रूप में दिव्य करुणा विनती को करुणा के पर्व से नौ दिन पूर्व आरंभ किया जाता है। पास्का पर्व के बाद का पहला रविवार करुणा के पर्व के रूप में चिन्हित है।

रोज़री माला पर दिव्य करुणा विनती करने की विधि

1) क्रूस का चिन्ह बनायें।
2) रोज़री के क्रूस को पकड़कर यह प्रार्थना बोलें - हे अति मधुर येसु, तूने मानव जाति के उद्धार के लिए सूली पर अपने प्राण त्याग दिये। तेरे क्रूसमरण द्वारा आत्माओं की मुक्ति के लिए जीवन का स्रोत फूट निकला है और तेरे पवित्र हृदय से सारी मानव जाति के लिए दया का सागर उमड़ पड़ा। हे जीवन के स्रोत, अथाह ईश्वरीय दया, सारी दुनिया को अपनी करुणा से ढँक ले और अपना सर्वस्व हमारे लिए अर्पित कर।
3) रोज़री के क्रूस को पकड़कर यह प्रार्थना बोलें - येसु के पावन हृदय से हमारे लिए दया के स्रोत के रूप में बह निकले, हे रक्त और जल, हम तुझ पर भरोसा रखते हैं।
4) पहले बड़े दाने पर - हे पिता हमारे (1 बार)
5) अगले तीन दानों पर - प्रणाम मरिया (प्रत्येक दाने पर बार)
6) अगले बड़े दाने पर - प्रेरितों का धर्मसार
7) रोज़री के भेद पढ़ने के लिए बड़े दाने पर - हे सर्वशक्तिमान पिता/हम अपने और सारे संसार के/पापों के लिए पश्चाताप करते हुए तेरे परम प्रिय पुत्र/हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के/दिव्य शरीर और रक्त/आत्मा और ईश्वरीयता को तुझे चढ़ाते हैं/उनके दुःख-भोग के नाम पर/हम पर और सारे संसार पर दया कर।
8) 10 प्रणाम मरिया के स्थान पर - (अगुवा) हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के दुःख-भोग एवं मृत्यु द्वारा (भक्तजन) हम पर और सारे संसार पर दया कर। (प्रत्येक दाने पर एक बार, कुल 10 बार)
9) हे ईश्वर तू परम पवित्र है सर्वशक्तिमान और अमर है/हम पर और सारे संसार पर दया कर (3 बार) या, हे पावन ईश्वर, हे पावन सर्वशक्तिमान, हे पावन अमर ईश्वर/हम पर और सारे संसार पर दया कर (3 बार)

क्रम 7 से 9 तक की प्रार्थना रोज़री के प्रत्येक भेद के लिए दिए गये दानों के सेट (एक बड़े और 10 छोटे दानों) के साथ दोहरानी है। इस प्रकार क्रम 7 से 9 तक की प्रार्थना कुल पांच बार दोहरायी जायेगी। यदि आप चाहें तो यहां ‘हम पर’ के स्थान पर अपने मतलब शामिल कर सकते हैं।

उदाहरण के लिए यदि आप अपने पल्ली के लिए प्रार्थना करना चाहें तो क्रम 7 की प्रार्थना इस प्रकार होगी - हे सर्वशक्तिमान पिता/हम अपने और सारे संसार के/पापों के लिए पश्चाताप करते हुए तेरे परम प्रिय पुत्र/हमारे प्रभु येसु ख्रीस्त के/दिव्य शरीर और रक्त/आत्मा और ईश्वरीयता को तुझे चढ़ाते हैं/उनके दुःख-भोग के नाम पर/हमारी पल्ली पर और सारे संसार पर दया कर। इसके आधार पर ही क्रम 8 और 9 में भी ‘हम पर’ के स्थान पर ‘हमारी पल्ली पर’ पढ़ा जाएगा।

10) अंतिम प्रार्थना - हे प्रभु ईश्वर! हमारी रक्षा कर। आपके पुत्र-पुत्रियों पर करुणा कर। हम और हमारे माँ-बाप, भाई-बहने, हमारे अधिकारियों और नेताओं के द्वारा, जो भी पाप, अधर्म और अपराध हुए हैं, उन्हें क्षमा कर दे। हमें दण्ड न दे। हमारे कर्ज़ माफ़ कर दे। हे करुणा सागर प्रभु अपने पावन लहू से, हमें, हमारे परिवारों और हमारी सब वस्तुओं का अभिषेक कर। आप हमें अपना बनाकर, आपके पवित्र आत्मा द्वारा संचालित करें। आमेन।।

नीचे दिए गए चित्र में इस शक्तिशाली प्रार्थना को करने की विधि दी गयी है. किसी प्रकार की शंका की स्थिति में "Contact Us" पेज का प्रयोग अवश्य करें.

How to pray Divine Mercy Prayer (दिव्य करुणा की प्रार्थना कैसे करें)

दिव्य करुणा की प्रार्थना डाउनलोड करने के लिए लिंक:-



यदि आप डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं तो कृपया हमें कमेंट करके या Contact Us पेज के माध्यम से बतायें। हम आपकी समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास करेंगे।